बीजेपी की निंदा करने वाले वरिष्ठ नेताओं को गिन- गिन कर अलग- थलग कर दिया गया- वेदांती

   

रामजन्मभूमि न्यास के वरिष्ठ सदस्य व पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती अचानक सोमवार को भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व पर हमलावर हो गये। कहा कि जिन-जिन लोगों ने भाजपा को जिंदा किया, खड़ा किया, जन-जन तक पहुंचाया, उन लोगों को गिन-गिन कर किनारे कर दिया गया है।

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, राम के नाम पर सत्ता में आई भाजपा ने राम से किनारा कर लिया है। आगे आने वाले दिनों में राम का नाम लेने वालों पर भी खतरा हो जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या न आने पर जमकर निशाना साधा।

वेदांती ने कहा कि जैसे रावण के जमाने में जो राम का नाम लेता था उसे फांसी दे दी जाती है उसी तरह जो राम का नाम लेगा उसको सजा दी जाएगी। देश की जनता को 2019 में क्या निर्णय लेना चाहिए यह वह स्वंय सोचे, तभी देश व समाज का कल्याण होगा।

उन्होंने कहा कि राम के नाम पर भाजपा आई थी और राम के नाम पर भाजपा चली जाएगी। प्रियंका गांधी के अयोध्या आगमन पर कहा कि अयोध्या जो भी आएगा संत उसका स्वागत करेंगे।

कहा कि प्रियंका गांधी ने अयोध्या आकर हनुमानगढ़ी का दर्शन किया, क्या प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी अयोध्या आए, रामलला का दर्शन किया, सरयू में डुबकी लगाई? कुंभ मेले में जाकर सफाई कर्मियों के चरण धो सकते हैं लेकिन अयोध्या आकर रामलला के चरण धोने का सौभाग्य नरेंद्र मोदी को नहीं मिला।