गुवाहाटी, 3 अप्रैल । पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा विभाजन और धोखे में यकीन करती है। असम में पार्टी का पांच साल का शासन इस बात की तस्दीक करता है।
खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी के साथ समान और निष्पक्ष व्यवहार करने में विश्वास करती है जबकि भाजपा ने पूरे प्रचार के दौरान लोकतंत्र और असमिया पहचान को नष्ट करने का प्रयास किया है।
कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार के लिए असम दौरे पर गए सलमान के साथ कई राज्य और केंद्रीय नेता भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के 3 डी यानी – विभाजन, विरूपण और धोखा देने वाली राजनीति को बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के अभियान के दौरान उनके गर्वेनेंस मॉडल की झलक दिखाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में असम की आर्थिक प्रगति, राज्य में शांति और असमिया पहचान को गंभीर नुकसान हुआ है।
कांग्रेस नेता ने मीडिया से कहा, सुपारी सिंडिकेट, कोयला सिंडिकेट, धर्म के नाम पर विभाजन, वैमनस्य और आर्थिक कुप्रबंधन पिछले पांच वर्षों में भाजपा के शासन की पहचान रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का चुनाव अभियान और उसके प्रचार का तरीका उनके शासन की विचारधारा का एक सिलसिला है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के (10 दलों वाले) महागठबंधन को अपनी पांच गारंटियों के लिए अपार जनसमर्थन मिला है। मतदान का अंतिम चरण करीब है। ऐसे में कांग्रेस के पक्ष में तस्वीर साफ हो चुकी है। कांग्रेस पार्टी राज्य को विकास और समृद्धि के रास्ते पर ले जाने के लिए और असम के प्रत्येक व्यक्ति के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Disclaimer: This story is auto-generated from IANS service.