महाराष्ट्र में कोरोना मामलों में आई गिरावट

   

मुंबई, 29 मई । महाराष्ट्र के स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को कहा है कि हालांकि राज्य में कोरोना के मामलों में गिरावट जारी है, लेकिन मौतों की संख्या अब भी अधिक है, जिसने 94 हजार के आंकड़े को पार कर लिया है।

शुक्रवार को हुई 973 मौतों के मुकाबले शनिवार को राज्य में 832 मौतें दर्ज हुईं। अब तक राज्य में कुल 94,030 लोगों की मौत हो चुकी है, जो देश में इसकी सबसे खराब स्थिति को दर्शाता है।

शुक्रवार को जहां 20,740 नए मामले दर्ज किए गए, वहीं शनिवार को यह संख्या 20,295 रही, जो राज्य में मामलों की संख्या में हो रही गिरावट को दर्शाता है।

मुंबई में नए संक्रमितों की संख्या एक हजार के आसपास बरकरार रही है, जहां शुक्रवार को यहां 924 मामले दर्ज हुए थे, वहीं शनिवार को 1,038 मामले दर्ज हुए हैं। यहां शुक्रवार को 30 लोगों की कोरोना से जान गई, जबकि शनिवार को यह संख्या 25 रही।

राज्य में मृत्यु दर 1.64 प्रतिशत से बढ़कर 1.65 प्रतिशत हो गई है, जबकि सक्रिय मामलों की संख्या 3 लाख से नीचे रही है – जो अब 289,088 से गिरकर 276,573 हो गई है।

–आईएएनएस

एएसएन/एएनएम