मुरादाबाद से लड़ेंगे राज बब्बर, अजहरुद्दीन का क्या होगा?

,

   

कांग्रेस ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर मुरादाबाद से लड़ेंगे।

भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हुईं सावित्री फुले बहराइच से लड़ेंगी, वहीं प्रिया दत्त मुंबई नॉर्थ-सेंट्रल से चुनाव मैदान में ताल ठोकेंगी। नाना पटोले नागपुर से चुनाव लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश से 16 और महाराष्ट्र से कुल 5 उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।

इससे पहले 8 मार्च को लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 11 और गुजरात की चार सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, यूपी की इन 11 सीटों में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी रायबरेली, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सलमान खुर्शीद फर्रुखाबाद से पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

इसके अलावा कुशीनगर से आरपीएन सिंह, सहारनपुर से इमरान मसूद, बदायूं से सलीम इकबाल शेरवानी, धौरहरा से जतिन प्रसाद, उन्नाव से अनु टंडन, अकबरपुर से राजाराम पाल, जालौन से बृजलाल खबरी, फैजाबाद से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल खत्री भरोसा जताया।

कांग्रेस ने पहली सूची में अहमदाबाद वेस्ट से राजू परमार (एससी) को उम्मीदवार बनाया था। आणंद से भरत सिंह सोलंकी, वड़ोदरा से प्रशांत पटेल, छोटा उदयपुर से रंजीत मोहन सिंह रथुआ पर भरोसा जताया।