मुसलमानों में पहुंच बनाने के लिए महिलाओं को मैदान में उतारेगी बीजेपी!

,

   

लोकसभा चुनाव में भाजपा मुस्लिमों में पैठ बनाएगी। वह विभिन्न योजनाओं में लाभ पाने वाली मुस्लिम महिलाओं को प्रचार के लिए मैदान में उतारेगी।

इसका पूरा खाका लखनऊ में तैयार हो गया है। प्रत्येक जिले में अल्पसंख्यक मोर्चा को इसकी कमान दी जाएगी। अलीगढ़ को इसके लिए प्रमुख रूप से चुना गया है।

पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रदेश में 325 सीटें आई थीं। उसमें माना जा रहा था कि तीन तलाक का मुद्दा उठाए जाने से भाजपा को मुस्लिम महिलाओं ने भी काफी संख्या में वोट किया था। इसके बाद से ही भाजपा मुस्लिम महिलाओं के वोटों के प्रति संजीदा हो गई है। 15 फरवरी से प्रदेश में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के माध्यम से प्रचार शुरू करेगी।

मोर्चा के पदाधिकारी लाभार्थी मुस्लिम महिलाओं से संपर्क करेंगे। उन्हें बताने का प्रयास करेंगे कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ मुस्लिम वर्ग को भी मिला है।

इसमें कोई भेदभाव नहीं किया गया है, इसलिए वह भाजपा से जुड़ें। अलीगढ़ में सातों विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग टीमें गठित की जाएंगी।

जागरण डॉट कॉम के अनुसार, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा भाजपा के जिला अध्यक्ष अख्तर पहलवान का कहना है कि सरकार ने सरकारी योजनाओं में कोई भेदभाव नहीं किया है। मुस्लिमों को भी प्रत्येक योजना का लाभ मिला है। पार्टी के निर्देश पर हम ऐसे परिवारों में संपर्क करके उन्हें प्रचार में उतारेंगे।