मैं चाहता हूं कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर विवादित बयान देती रहें- दिग्विजय सिंह

,

   

एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे एवं बाबरी मस्जिद पर की टिप्पणियों को लेकर चुनाव आयोग ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के चुनाव प्रचार पर 72 घंटे प्रतिबंध लगाया हुआ है। साध्वी प्रज्ञा भोपाल लोकसभा सीट की बीजेपी उम्मीदवार हैं। उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने इस पर प्रतिक्रिया दी है।

ज़ी न्यूज़ पर छपी खबर के अनुसार, दिग्विजय सिंह ने चुटीले अंदाज में कहा, “बीजेपी को उनके खिलाफ कोई सिंगल उम्मीदवार नहीं मिला। इसलिए वे साध्वी जी को ले आए। अच्छा है, मैं उनका स्वागत करता हूं।

चुनाव आयोग ने उनकी कैंपेनिंग पर तीन दिन का बैन लगाया है, हालांकि हम चाहते हैं कि वह अपना चुनाव प्रचार करें और इसी तरह के बयान देते रहें। इससे हमें मदद मिलेगी।

उधर, बैन के बाद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर गुरुवार को मौन धारणकर विभिन्न मंदिरों में दर्शन करने गईं और हिन्दू देवी-देवताओं की पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिरों की गौशालाओं में पाले जा रहे गाय और बछड़ों को गुड़ और घास भी खिलाया।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने भी चुनाव आयोग द्वारा उन पर भड़काऊ एवं सांप्रदायिक टिप्पणी करने के मामले में 72 घंटे तक चुनाव प्रचार करने पर प्रतिबंध लगाने के बाद पिछले महीने भी ऐसा ही किया था। तब योगी ने कई मंदिरों के दर्शन किए थे।