यमुना एक्सप्रेस वे पर ट्रक और कार में टक्कर, आठ की मौत

   

मथुरा में बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के चेंज नम्बर 140 के करीब गांव सराय सालवाहन के पास दिल्ली से आगरा जा रही कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इसमें गाड़ी में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई। 5 ने मौके पर दम तोड़ा, जबकि आगरा में भर्ती तीन घायलों की बाद में मौत हुई। घायलों का इलाज आगरा के कृष्णा हास्पिटल में चल रहा था।

नोएडा के समसम नगर निवासी यह लोग कार से ताजमहल देखने आगरा जा रहे थे। माइलस्टोन 140 के करीब गांव सराय सालवाहन के पास कार ट्रक से जा भिड़ी। इस घटना में कार सवार 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताते हैं कि चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में जुट गए। सूचना पर पहुंची बलदेव, महावन और राया की पुलिस के साथ ही एक्सप्रेसवे के राहत दल ने कार में बुरी तरह फंसे सभी घायलों को निकाला।

इस दौरान कार सवार अनीता (30) पत्नी शिवकुमार, निवासी समसमस नगर, जेवर, गौतमबुद्ध नगर, नीरज (26) पत्नी प्रेमचंद निवासी निवासी समसम नगर, जेवर, गौतमबुद्ध नगर, अंजली (11) पुत्री शिवकुमार निवासी समसम नगर, जेवर, गौतमबुद्ध नगर, शालू (20) पुत्री जयप्रकाश बनैल,पहासू, बुलंदशहर और विष्णु (23) पुत्र सुरेश चंद निवासी भूड़, खेड़ली, पलवल की मौके पर मौत हो गई। जबकि घायल तरुणा (21) पुत्री सलेख चंद, गुलावटी, बुलंदशहर, गब्बर (24) पुत्र बिरम सिंह, जेवाबाद, खेड़ली, बल्लभगढ़, फरीदाबाद और संतोषी (19) पुत्री भीमसेन सुरीर ने आगरा के कृष्णा हॉस्पिटल में उपचार के दौरान दम तोड़ा।
घटना की सूचना के बाद एसएसपी शलभ माथुर, एसपी देहात आदित्य शुक्ला,  सीओ महावन विजय शंकर मिश्रा ने मौका मुआयना किया। वहीं एंबुलेंस से घायलों को भिजवाया गया। सभी जेवर से आगरा जा रहे थे। परिवारीजन मथुरा पहुँच चुके है।