यूपी में एक और भाजपा नेता पर रेप का आरोप, महिला ने पुलिस को सुनाई दर्दभरी कहानी

   

चिनहट पुलिस ने शुक्रवार देर रात शाहजहांपुर के चर्चित भाजपा नेता सुचित सेठ को रेप के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर चिनहट सचिन सिंह ने बताया कि महिला ने सुचित सेठ पर रेप करने का आरोप लगाया था। महिला के मुताबिक उसकी शादी शाहजहांपुर में हुई है। पति से उसका विवाद हो गया था। इस बीच परिवार वालों ने सुचित सेठ समेत शाहजहांपुर के दो चर्चित लोगों पर महिला के साथ दुराचार करने का आरोप लगाया था। मगर, बाद में दबाव के चलते मामला मैनेज हो गया था।

इस प्रकरण के बाद सुचित सेठ से उसके साथ आरोपी बनाये गये लोगों ने दूरी बना ली थी। वहीं, सुचित ने महिला को अपने जाल में फंसा लिया। महिला का आरोप है कि सुचित उसकी शादी तुड़वाना चाहता था। इस बीच आरोपी ने नशीला पदार्थ खिला कर उसके साथ दुराचार किया। जिसकी शिकायत महिला ने चिनहट कोतवाली में दर्ज कराई थी। वहीं, सुचित सेठ के खिलाफ गोमतीनगर थाने में भी धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज हैं।

पति को तलाक देने और शादी का बनाया दबाव

चर्चा तो यह भी है कि सुचित सेठ ने महिला पर अपने पति को तलाक देकर खुद से शादी करने का बहुत दबाव बनाया था। महिला अपने पति के साथ रहना चाहती थी। पर सुचित उसे उसके पति के पास जाने नहीं देना चाहते थे। इस मामले को लेकर लखनऊ में कई बार पुलिस थाने में पंचायत भी हुई। महिला जब परेशान हो गई तो उसने सुचित सेठ की सच्चाई पंचायत कराने वालों को बता दी।

तब भी जब सुचित सेठ ने महिला का पीछा नहीं छोड़ा तो महिला ने चिनहट थाने में सुचित सेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। महिला ने बताया कि सुचित सेठ ने उसके साथ दुराचार किया। इसके बाद वह उसे ब्लैकमेल तक करने लगे थे। इस मामले में कुछ बड़े लोग भी चाहते थे कि सुचित को सबक मिले। इसके बाद चिनहट पुलिस ने सुचित सेठ को गिरफ्तार कर लिया। लखनऊ के गोमतीनगर के सीओ सी श्रीवास्तव ने बताया कि दुराचार के आरोप में सुचित सेठ को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।