प्रदेश में शुक्रवार को 154 नए मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इस तरह अब तक 3945 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 107 मरीज ठीक होकर घर वापस जा चुके हैं। शुक्रवार को चार मरीजों की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस 1777 हैं। अब तक 2080 मरीज ठीक हो गए हैं। उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
अब दो लाख 62 हजार 638 प्रवासी श्रमिकों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। 306 प्रवासी श्रमिकों में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए हैं। उन्हें अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड में भेजा गया है।
यह जानकारी शुक्रवार को चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने अपर मुख्य सचिव गृह व सूचना अवनीश अवस्थी के साथ एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में दी है। अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बाहर से आ रहे प्रवासी श्रमिकों को 21 दिन के होम क्वारंटाइन में भेजा जा रहा है। इन प्रवासी कामगारों की निगरानी ग्राम और मोहल्ला स्तर पर बनी निगरानी समिति कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि 1871 मरीज आइसोलेशन बेड पर हैं। 9911 क्वारंटाइन में भर्ती हैं। प्रमुख सचिव ने बताया कि आरोग्य सेतु एप से 6 हजार लोगों से संपर्क किया गया। इसमें 14 लोग पॉजिटिव पाए गए।