योगी ने बिहार में कहा- ‘हमें यहां जीतने से कोई नहीं रोक सकता’

,

   

बिहार के पूर्णिया में गुरुवार को रंगभूमि मैदान में भाजपा के प्रमंडलीय शक्ति केंद्र कार्यकर्ता सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महागठबंधन को ललकारते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में एनडीए बिहार की सभी 40 सीट जीतेगी।

कोई हमें बिहार फतह करने से रोक नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि याद करिए राजद के 15 वर्षों का शासनकाल। प्रभात खबर पर छपी खबर के अनुसार, बिहार में जंगलराज कायम हो गया था। बिहार के नौजवान देश-दुनिया में अपनी पहचान छिपाते फिरते थे। हमारी एनडीए सरकार ने बिहार की पहचान का संकट खत्म किया है।

बिहार में विकास को आगे बढ़ाया है। आज देश-दुनिया में बिहारी कहने में गर्व महसूस होता है। मान-सम्मान के साथ बिहार का जिस तरह से हमारी सरकार में विकास हुआ है, उससे हमारे हौसले बुलंद रहनी चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकसभा चुनाव की कुंजी कार्यकर्ताओं के पास है और आपका मंत्र है मेरा बूथ सबसे मजबूत। बूथ जीता तो चुनाव जीता। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हम आरोप लेकर जनता के बीच गये थे।

हमारे आरोप सच थे इसलिए जनता ने हमें सत्ता की कमान दी। आज हमारे पास उपलब्धियां हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नौजवान, किसान, मजदूर, महिलाएं सबके लिए काम हुए हैं। समाज के अंतिम पायदान तक विकास के लिए केंद्र सरकार ने कई पहल की। कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जायेंगे।