रविदास मंदिर- भीम आर्मी ने किया भारत बंद का ऐलान

, ,

   

दिल्ली में रविदास मंदिर हटाने के विरोध में भीम आर्मी ने भारत बंद का ऐलान किया है। भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव कमल सिंह वालिया ने कहा कि 10 दिन के अंदर संत रविदास मंदिर का निर्माण और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर की रिहाई नहीं हुई तो पूरा भारत बंद कर देंगे। कमल सिंह वालिया ने शनिवार को चंद्रशेखर के ट्विटर हैंडल से भारत बंद का ऐलान किया। इसके अलावा भी सहारनपुर में जगह-जगह भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे।

दिल्ली में संत रविदास मंदिर हटाने के विरोध में प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी प्रमुख चन्द्रशेखर और राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रत्न के साथ ही 96 समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया गया था। भीम आर्मी प्रमुख चन्द्रशेखर फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है। भीम आर्मी प्रमुख और कार्यकर्ताओं की रिहाई को लेकर राष्ट्रीय महासचिव कमल सिंह वालिया और दूसरे पदाधिकारियों ने दिल्ली में डेरा डाला हुआ है और जमानत कराने के प्रयास कर रहे हैं।

शनिवार को भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर के टवीटर हैंडल से कमल सिंह वालिया ने कहा कि ‘साथियों में कमल सिंह वालिया ट्वीट कर रहा हूं यदि दस दिन के अंदर गुरु स्थान नहीं दिया गया और भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद व सभी साथियों को रिहा नहीं किया गया तो भारत बंद होगा।’

गुरु रविदास मंदिर को दस दिन स्थान नहीं मिला और भीम आर्मी चंद्रशेखर व समर्थकों की रिहाई नहीं हुई तो भीम आर्मी भारत बंद करेगी। शांतिपूर्ण तरीके से भारत बंद किया जाएगा।
कमल सिंह वालिया, राष्ट्रीय महासचिव, भीम आर्मी।

भीम आर्मी द्वारा भारत बंद के ऐलान की बात सोशल साइट पर चलने की जानकारी मिली है। हालांकि अभी संगठन के पदाधिकारियों ने कोई संपर्क नहीं किया है, अगर ऐसा कुछ होता है तो किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के पूरे इंतजाम किए जाएंगे।