कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को लखनऊ सीट से उतारने का फैसला किया है। कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। यहां भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से उनकी टक्कर होगी। सपा-बसपा गठबंधन यहां से अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगा ताकि जितिन की जीत का रास्ता साफ हो सके।
इससे पहले खबर थी कि जितिन ने लखनऊ से लड़ने से साफ तौर पर इनकार कर दिया है। वह अपनी परंपरागत सीट धौरहरा से ही लड़ना चाहते हैं। उनके परिजन भी चाहते थे कि वह पुरानी सीट से ही चुनाव लड़ें। इस बीच उनके भाजपा में शामिल होने की खबरें तक उड़ने लगीं। कहा जाने लगा कि शुक्रवार शाम तक वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
जितिन ने सफाई में भी साफ तौर पर कुछ नहीं कहा। भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने इतना ही कहा कि मैं किसी काल्पनिक सवाल का जवाब नहीं दे सकता।