राजीव गांधी को लेकर फिर बोले पीएम मोदी, कहा- उन्होंने आईएनएस विराट का इस्तेमाल निजी टैक्सी की तरह किया था

,

   

लोकसभा चुनाव 2019 के महासंग्राम में आज दिल्ली में बड़े नेताओं की रैलियों का दौर रहा। दिल्ली में जहां उत्तर पूर्व से कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनाव प्रचार किया वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी भी रामलीला मैदान में पहुंचे। यहां उन्होंने जनसभा के दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों को सामने रखा।

इस दौरान उन्होंने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बिना उन्हें नाकामपंथी बताया। साथ ही एक बार फिर गांधी परिवार और पूर्व पीएम राजीव गांधी को निशाने पर लिया। पीएम ने दावा किया कि राजीव गांधी आईएनएस विराट में अपने परिवार के साथ छुट्टिया मनाने द्वीप पर गए थे।

 क्या क्या कहा मोदी ने पढ़ें-

  • रेरा जैसे कानून से मध्यवर्ग को फायदा।
  • फोन का बिल और दवाइयां पहले से सस्ती।
  • रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर का लाभ दिल्लावासियों को मिलने वाला है।
  • पांच लाख तक की आय टैक्स के दायरे से बाहर। लोगों को बचत हो रही है।
  • बेहतर तकनीकी इस्तेमाल से प्रदूषण से राहत।
  • महंगाई हमेशा ही एक महत्वपूर्ण चुनावी मुद्दा था, लेकिन अब विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को नहीं घेर पा रहा है।
  • दिल्ली में गरीब वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण का लाभ भी नहीं मिल रहा है।
  • दिल्ली ने शासन का ‘नाकामपंथी’ मॉडल देखा है।
  • दिल्ली में नाकामपंथियों (आप) का मॉडल लागू करने में कांग्रेस भी जिम्मेदार।
  • इन्होंने करोड़ों लोगों के सपने को तोड़ा है।
  • उन्होंने टुकड़े टुकड़े गैंग का समर्थन किया और भारत के दुश्मनों का हाथ मजबूत किया।
  • लोग देश बदलने आए थे लेकिन वे खुद ही बदल गए।
  • कांग्रेस के नामदार परिवार की चौथी पीढ़ी को आज देश देख रहा है।
  • ये वंशवादी परंपरा एक ही परिवार तक सीमित नहीं रही है।
  • हरियाणा में गहलोत-पायलट परिवार तो मध्यप्रदेश में कमलनाथ-सिंधिया परिवार।
  • यूपी में मुलायम जी तो बिहार में लालू प्रसाद के परिवार के नाम से पार्टी चल रही है।
  • कर्नाटक में देवेगौड़ के परिवार का वंशवाद चल रहा है।
  • गरीबी से उठे लोगों को इन पार्टियों में बची-खुची जगहों पर एडजस्ट होना पड़ता है।
  • कांग्रेस को 1984 का हिसाब देना होगा।
  • पहले मामा बोफोर्स का रेट तय करता था, जनपथ को दलालों को पथ बना दिया था।
  • कांग्रेस के नामदार चिल्ला चिल्ला कर पूछ रहे हैं कि सेना किसी की पर्सनल जागीर नहीं है।
  • देश के रक्षा करने वालों को अपनी जागीर कौन समझता रहा है जनता को बताना चाहता हूं।
  • क्या आपने कभी सुना है कि कोई अपने परिवार के साथ युद्धपोत से छुट्टी मनाने जाए।
  • ये हुआ है, और हमारे ही देश में हुआ है। कांग्रेस के सबसे बड़े इस नामदार परिवार ने देश की आन-बान-शान आईएनएस विराट का निजी टैक्सी तरह इस्तेमाल किया था।
  • आईएनएस विराट उस समय सीमा की रखवाली के लिए बनाया गया था। लेकिन उसे छुट्टिया मना रहे नामदार के परिवार के लिए भेज दिया गया।
  • आईएनएस विराट एक खास द्वीप पर 10 दिन तक रुका रहा। उनके साथ उनके ससुराल के लोग भी थे। क्या ये देश की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं है।
  • विदेशियों को युद्धपोत से ले जाकर देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया गया।
  • 2014 से पहले दिल्ली पर कितनी बार आतंकी हमले हुए, कितने निर्दोष लोगों की जान गई थी। अब ऐसा नहीं होता।
  • हमने फोनी तूफान का भी डटकर सामना किया।
  • मसूद अजहर को ग्लोबल आतंकी घोषित कराया।
  • पहले जो नामुमकिन था आज मुमकिन है।