राफेल डील दस्तावेजों की चोरी: ममता बनर्जी ने कहा- ‘देश के लिए खतरे की बात है’

,

   

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राफेल डील को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर एक बार फिर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गोपनीयता कानून की आड़ में एक प्रतिष्ठित प्रकाशन समूह के संपादक को धमकाया जाना बेहद शर्मनाक है।

पंजाब केसरी पर छपी खबर के अनुसार, बनर्जी ने ट्वीट किया कि ये देश में क्या तमाशा चल रहा है,खुद रक्षा मंत्रालय से चुरा लिया है। ये तो देश के लिए बहुत खतरे की बात है। इस के बारे में सरकार क्या कहेगी? यहां छुपा रुस्तम कौन है? इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने लिखा कि इंतज़ार कीजिये, जल्द ही चुनाव में फैसला होगा।

वहीं इससे पहले मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा था कि मीडिया का लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका है। मैं भाजपा सरकार द्वारा एक वरिष्ठ पत्रकार को धमकाने की कड़ी निंदा करती हूं। पत्रकारों को धमकाने के लिए सरकारी गोपनीयता कानून का इस्तेमाल करना बेहद ही शर्मनाक है। वह अपनी सुविधा के अनुसार मीडिया की स्वतंत्रता एवं अधिकारों पर अंकुश नहीं लगा सकते।

ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार की ओर से अटार्नी जनरल के के वेणुगोपाल द्वारा उच्चतम न्यायालय में दर्ज कराये गए उस बयान पर यह टिप्पणी की, जिसमें कहा गया था कि राफेल विमान सौदे से जुड़े खुफिया दस्तावेज जो एक अखबार में छपे थे, रक्षा मंत्रालय से चोरी हो गये जिसे संभवत: पूर्व कर्मचारियों ने चुरा लिए है।