नई दिल्ली/पटना, 24 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की केरल में की गई टिप्पणी को उत्तर भारतीयों के लिए अपमानजनक बताते हुए कहा है कि इससे बिहार की जनता भी अपमानित और आहत है। क्योंकि उत्तर भारत की सीमा बिहार तक है। विधान पार्षद संजय मयूख ने बिहार विधान परिषद में राहुल गांधी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी लाया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी ने केरल के त्रिवेंद्रम में उत्तर भारतीयों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की है। बिहार तक उत्तर भारत फैला है। राहुल गांधी के बयान से बिहार की जनता भी अपमानित महसूस करती है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक विभाजनकारी बयान देकर बिहार के लोगो की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश की है। इसलिए राहुल गांधी के खिलाफ सदन में निंदा प्रस्ताव लाया हूं।
गौरतलब है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीते दिनों केरल के त्रिवेंद्रम में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि मैं 15 साल तक उत्तर भारत में सांसद था। वहां अलग तरह की राजनीति की आदत हो गई थी। लेकिन केरल आना नया था। यहां को लोग मुद्दों में दिलचस्पी रखते हैं। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की ओर से यूपी के अमेठी से केरल के वायनाड की तुलना करने की कोशिश को उत्तर भारतीयों के खिलाफ अपमानजनक बताते हुए निशाना साधा है। भाजपा नेताओं के मुताबिक, राहुल गांधी ने इस तरह का बयान देकर उत्तर भारतीयों की समझ पर सवाल उठाते हुए अपमानित करने की कोशिश की है। संजय मयूख से पहले अमेठी से सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी राहुल गांधी पर हमला साध चुकी हैं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को एहसान फरामोश बताया था।
Disclaimer: This story is auto-generated from IANS service.