राहुल-प्रियंका गांधी के अलावा इन तीन नेताओं को मिली हाथरस जाने की इजाजत

,

   

हाथरस दलित नाबालिग से गैंगरेप और हत्या का मामला पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के साथ हाथरस के लिए एक बार फिर रवाना हुए। हालांकि उन्हें दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर बने डीएनडी टोल गेट पर रोक लिया गया। पुलिसवालों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तीखी नोक-झोंक हुई, आखिरकार पुलिस ने राहुल-प्रियंका समेत कुल पांच लोगों को हाथरस जाने की अनुमति दे दी। राहुल और प्रियंका गांधी समेत 5 लोग हाथरस के लिए रवाना हो गए हैं। बाकी गाड़ियों को रोक लिया गया है।

राहुल-प्रियंका समेत पांच लोगों के आगे जाने की शर्त से बाकी कांग्रेसी नेता बिफर गए। कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे पहले भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हुई। मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया है। जिस रास्ते से प्रियंका और राहुल हाथरस के लिए निकल रहे हैं, उसे खाली कराया जा रहा है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को खदेड़ने के लिए पुलिस बार-बार लाठियां भांजीं। जानकारी के मुताबिक, राहुल-प्रियंका के साथ केसी वेणुगोपाल, अधीर रंजन चौधरी और रणदीप सुरजेवाला हाथरस गए हैं।