रिटायरमेंट के बाद महेंद्र सिंह धोनी आर्मी से चाहते हैं सियाचिन में पोस्टिंग : रिपोर्ट

   

महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की चर्चाएं चल रही हैं लेकिन इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है। इसी बीच एक खबर आयी है कि धोनी रिटायरमेंट के बाद सैनिक दुनिया के सबसे दुर्गम इलाकों में शुमार सियाचिन में पोस्टिंग चाहते हैं! यह एबीपी न्यूज द्वारा धोनी के एक दोस्त के हवाले से यह खबर चलायी है।

खबर के अनुसार, धोनी के दोस्त का कहना है कि माही की ख्वाहिश है कि उन्हें कुछ महीनों के लिए सियाचिन में पोस्टिंग मिले। धोनी देश की सेवा करना चाहते हैं, जैसे सैनिक करते हैं। बताया जा रहा है कि धोनी जल्द ही सेना से संपर्क कर अपनी इच्छा जाहिर कर सकते हैं। एमएस धोनी भारतीय सेना की टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद पर तैनात हैं। धोनी ने बाकायदा पैराट्रुपर की ट्रेनिंग भी ली है।

धोनी कई मौकों पर सेना के प्रति अपना सम्मान और प्यार भी जता चुके हैं। बीते साल जब धोनी को भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित किया गया तो उन्होंने सैन्य अधिकारी की ड्रेस में ही पद्म भूषण सम्मान ग्रहण किया था। उल्लेखनीय है कि धोनी टेस्ट क्रिकेट से काफी समय पहले ही संन्यास ले चुके हैं और उनकी उम्र को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि धोनी हालिया विश्वकप के बाद वनडे क्रिकेट से भी जल्द संन्यास ले लेंगे।