रूसी नौसेना 10 साल बाद नाटो के सैन्याभ्यास में होगी शामिल

   

मॉस्को, 11 दिसंबर । रूसी नौसेना 10 साल में पहली बार नाटो के सदस्यों के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास में भाग लेगी। देश के ब्लैक सी फ्लीट ने एक बयान में इस बात की पुष्टि की।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, अमन -2021 बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास फरवरी 2021 में कराची के तट पर होगा।

सैन्य अभ्यास में अमेरिका, ब्रिटेन, चीन, जापान, तुर्की, फिलीपींस, मलेशिया, श्रीलंका और इंडोनेशिया सहित 30 से अधिक देश हिस्सा लेंगे।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा, रूस एक युद्धपोत, एक गश्ती जहाज, एक रेस्क्यू टग, एक मरीन कोर यूनिट, एक माइन क्लीयरेंस स्कवाड और एक समुद्र-आधारित हेलीकॉप्टर अभ्यास के लिए भेजेगा।

आखिरी बार रूसी नौसेना ने नाटो गठबंधन की नौसेना बलों के साथ 2011 में संयुक्त अभ्यास में भाग लिया था जो स्पेन में हुआ था।

–आईएएनएस

वीएवी-एसकेपी