अयोध्या, 28 जुलाई । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि 500 वर्ष की लड़ाई पर कोर्ट के फैसले के बाद राम मंदिर निर्माण की शुभ घड़ी आई है। भगवान श्री राम की जन्म स्थली पर भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा।
केशव प्रसाद मंगलवार को अयोध्या हनुमान गढ़ी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले रामलला और हनुमानगढ़ी मंदिरों में दर्शन-पूजन किया।
इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष व श्री मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात करने पत्नी के साथ पहुंचे। केशव ने पूरे परिवार के नाम से चेक दिए। उन्होंने कहा, राम मंदिर निर्माण की शुरुआत को लेकर खुशी से झूम रहा हूं। अपनी खुशी को शब्दों में नहीं बयां कर सकता। लंबे संघर्षो पर कोर्ट के फैसले के बाद राम मंदिर निर्माण की शुभ घड़ी आई है। भगवान श्री राम की जन्म स्थली पर भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा।
उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष और बड़े सौभाग्य से यह समय आया है जब अयोध्या में राम मंदिर निर्माण होने जा रहा है। इसके लिए हजारों लोगों ने संघर्ष किया। सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई और अब करोड़ों राम भक्तों का सपना साकार होने जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने 6 लाख 6 हजार की राशि दान स्वरूप भेंट की। इसमें विश्व हिन्दू परिषद के दिवंगत हो चुके अशोक सिंहल के नाम व ठाकुर गुरजन सिंह की ओर से 1 लाख 51 हजार का चेक भी भेंट किया। इसके अलावा अपने माता-पिता की ओर 1 लाख 51 हजार। स्वयं और पत्नी की ओर से भी यही राशि दी गयी। साथ ही रामभक्तों की ओर से भी 1 लाख 51 हजार की धनराशि के चेक महंत को सौंपे।
Source: IANS
Disclaimer: This story is auto-generated from IANS service.