लीबिया संघर्ष में अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत!

,

   

लीबियाई राजधानी त्रिपोली को अपने कब्जे में करने के लिए खलीफा हफ्तार द्वारा छेड़े गए संघर्ष में हर दिन लोगों की मौत का आंकड़ा रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है।

गुरुवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने त्रिपोली की लड़ाई पर नई रिपोर्ट प्रस्तुत की है। संगठन द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार त्रिपोली में पिछले दो सप्ताह की जंग के दौरान 18 आम नागरिकों समेत अब तक 205 लोगों की मृत्यु हो गई है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि अब तक इस युद्ध में लगभग 913 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। स्थिति को ध्यान में रखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि वे घायलों के उपचार के लिए मेडिकल विशेषज्ञों को मुहैया करा रही है।

दरअसल मंगलवार देर रात लीबिया की राजधानी त्रिपोली के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में गोले भी दागे गए। जिससे त्रिपोली मे मारे जाने वालो की तादाद में भारी वृद्धि दर्ज की गई है।

न्यूज़ ट्रैक पर छपी खबर के अनुसार, लीबिया की राजधानी त्रिपोली में यह जंग चार अप्रैल से शुरू हुई थी। आपको बता दें कि लीबिया में मुअम्मर गद्दाफी की मृत्यु के बाद से निरंतर युद्ध के हालात बने हुए हैं।

स्थानीय कमांडर खलीफा हफ्तार ने लगभग दो सप्ताह पहले त्रिपोली पर कब्जा करने के लिए मुहीम चलाई थी, इस महीने के आरंभ में भड़की लड़ाई से 2011 में हुए विद्रोह के स्तर पर गृह युद्ध छिड़ने के आसार नज़र आ रहे हैं। 2011 में हुए विद्रोह में तानाशाह मुअम्मर कज़्जाफी को सत्ता से बेदखल कर दिया गया था और उनकी हत्या भी कर दी गई थी।