लोगों को पाकिस्तान भेजने वाले गिरिराज सिंह को बेगूसराय से डर क्यों?

   

बिहार में नवादा की जगह बेगूसराय से टिकट मिलने से नाराज केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने चुनाव न लड़ने का संकेत दिया है। सोमवार को उन्होंने कहा कि बिहार में सिर्फ मेरी सीट बदली गई है।

केंद्रीय नेतृत्व से मेरी कोई शिकायत नहीं लेकिन सीट बदलने से पहले मुझसे पूछा तक नहीं गया। अब उनके बयान पर बेगूसराय सीट से सीपीआई के उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने तंज कसा है। कुमार का कहना है कि मंत्री नवादा से बेगूसराय भेजे जाने पर हर्ट हो गए हैं।

ट्विटर पर कन्हैया कुमार ने लिखा, ‘बताइए, लोगों को जबरदस्ती पाकिस्तान भेजने वाले ‘पाकिस्तान टूर एंड ट्रेवेल्स विभाग’ के वीजा-मंत्री जी नवादा से बेगूसराय भेजे जाने पर हर्ट हो गए। मंत्री जी ने तो कह दिया ‘बेगूसराय को वणक्कम”

गिरिराज ने सवाल पूछते हुए कहा कि भाजपा नेतृत्व को बताना चाहिए कि ऐसा (सीट बदलना) क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि वह अपने आत्म सम्मान के साथ समझौता नहीं कर सकते हैं।

सूत्रों की मानें तो, टिकट बंटवारे से पहले सिंह के दिल्ली स्थित आवास पर भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और बिहार चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव पहुंचे थे।

इस दौरान उन्होंने दोनों नेताओं को तवज्जो नहीं दी थी। सूत्र बताते हैं कि नवादा से टिकट कटने की आशंका के बाद से गिरिराज सिंह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी मिलकर इस बारे में बात करने वाले थे।

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, नवादा सीट लोक जनशक्ति पार्टी के खाते में जाने के कारण उन्हें खाली सीट बेगूसराय से लोकसभा का टिकट दिया गया है। भाजपा नेता भोला सिंह के पिछले साल अक्तूबर में निधन हो जाने के बाद से बेगूसराय सीट खाली हो गई थी।

गिरिराज सिंह लोकसभा चुनाव 2014 में बेगूसराय से चुनाव लड़ना चाहते थे, जोकि उनके गृहक्षेत्र बड़हिया (लखीसराय) से सटा हुआ है। तब, पार्टी ने उन्हें नवादा से टिकट दिया था और वह जीते भी थे।