श्रीलंका ब्लास्ट: मरने वालों की संख्या 290 के पार, 13 लोगों को किया गया गिरफ़्तार!

   

श्रीलंका में होटलों और गिरजाघरों को निशाना बनाकर रविवार को ईस्टर पर किए गए सिलसिलेवार विस्फोटों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 290 हो गई है। पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विस्फोटों में 500 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

गौरतलब है कि करीब एक दशक पहले देश में समाप्त हुए गृह युद्ध के बाद यह सबसे हिंसक घटना है। ताजा जानकारी के अनुसार चर्चों और होटलों पर हमले के मामले में पुलिस ने अब तक 24 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

प्रभात खबर पर छपी खबर के अनुसार, पुलिस के प्रवक्ता रूवन गुणशेखरा ने बताया कि यह श्रीलंका में हुए अब तक के सबसे खतरनाक हमलों में से एक है।

ये विस्फोट स्थानीय समयानुसार सुबह पौने नौ बजे के करीब ईस्टर प्रार्थना सभा के दौरान कोलंबो के सेंट एंथनी गिरजाघर, पश्चिमी तटीय शहर नेगोम्बो के सेंट सेबेस्टियन गिरजाघर और बट्टिकलोवा के जियोन गिरजाघर में हुए।

पुलिस के प्रवक्ता रूवन गुणशेखरा ने बताया कि यह श्रीलंका में हुए अब तक के सबसे खतरनाक हमलों में से एक है। गुणशेखरा ने बताया, पुलिस फिलहाल इस बात की पुष्टि करने की स्थिति में नहीं है कि क्या सभी हमले आत्मघाती थे।

हालांकि उन्होंने कहा कि नेगोम्बो गिरजाघर में हुए बम धमाके से आत्मघाती हमले के संकेत मिलते हैं। एक अज्ञात अधिकारी ने बताया कि एक आत्मघाती हमलावर ने सिनामोन ग्रैंड होटल के रेस्तरां में विस्फोट कर खुद को उड़ा दिया।