संघर्ष विराम का उल्लंघन करने पर भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को दी चेतावनी!

   

भारत के रक्षा मंत्रालय ने कश्मीर की नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के उल्लंघन के संबंध में पाकिस्तान को एक बार फिर कड़ी चेतावनी दी है।

भारतीय रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान जारी करके पाकिस्तान पर दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष विराम के उल्लंघन और कश्मीर की नियंत्रण रेखा पर अकारण गोलाबारी का आरोप लगाया है और इस्लामाबाद को वाॅर्निंग दी है कि इस प्रकार की भड़काऊ व उकसाने वाली कार्यवाहियों का अंजाम बहुत बुरा होगा और भारत इसका कड़ा जवाब देगा।

पार्स टुडे डॉट कॉम के अनुसार, भारतीय रक्षा मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि पिछले 24 घंटे में पाकिस्तान की सेना ने नियंत्रण रेखा पर सैन्य और असैन्य क्षेत्रों को लक्ष्य बनाया है। बयान में बताया गया है कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस कार्यवाही का ठोस जवाब दिया है।

ज्ञात रहे कि वर्ष 2003 में भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम के समझौते पर हस्ताक्षर होने के बावजूद दोनों देश एक दूसरे पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का आरोप लगाते रहते हैं।

गत 14 फ़रवरी को कश्मीर के पुलवामा क्षेत्र में जैशे मुहम्मद द्वारा भारतीय सैनिकों की बस पर किए गए आतंकी हमले के बाद से ही दोनों देशों के संबंध अत्यंत तनावपूर्ण हैं।

इस हमले में सीआपीएफ़ के 44 सैनिक मारे गए थे। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान में आतंकी गुटों के ठिकानों पर हवाई हमला किया था और उसका दावा है कि इस हमले में लगभग 300 लोग मारे गए हैं लेकिन पाकिस्तान ने इसका खंडन किया है।