संजय दत्त की बहन प्रिया दत्त ने 2019 लोकसभा चुनाव लड़ने से किया इंकार!

,

   

कांग्रेस की पूर्व सांसद प्रिया दत्‍त आगामी लोकसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगी। उन्होंने मुंबई की नॉर्थ सेंट्रल सीट से चुनाव लड़ने से मना कर दिया है। प्रिय दत्त ने कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी को एक मेल भेजकर कहा है कि वे लोकसभा चुनाव में नहीं उतर रही हैं।

प्रिया के मना करने के बाद अब इस सीट से किसी नए प्रत्याशी को उतारने के लिए नाम पर पार्टी विचार कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस किसी फिल्‍मी सितारे को इस सीट से टिकट दे सकती है। इसमें नगमा, राज बब्‍बर सहित अन्य के नाम सबसे आगे है।

बताया जा रहा है कि दो बार सांसद पद पर रह चुकीं प्रिया दत्त ने निजी कारणों और पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को देखते हुए लोकसभा चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।

हालांकि प्रिया दत्त किसी अन्य सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी यह भी निर्धारित नहीं है। सोमवार को मुंबई में महाराष्ट्र कांग्रेस की बैठक होने वाली है। जिसमें लोकसभा सीटों पर विचार होने वाले हैं।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और कांग्रेस गठबंधन में लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। दो दिन पूर्व एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने दोनों पार्टियों के बीच चुनावी गठजोड़ होने की जानकारी दी थी। इसके अंतर्गत दोनों पार्टियां 20-20 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली हैं।

जबकि बाकी की 8 सीटें अन्य सहयोगी के लिए छोड़ दी जाएंगी। आपको बता दें कि महाराष्ट्र में कुल लोकसभा की 48 सीटें हैं। यूपी की 80 सीटों के बाद महाराष्ट्र सीटों के लिहाज से देश का यह दूसरा सबसे बड़ा राज्य है।

साभार- ‘न्यूज़ ट्रैक’