सऊदी अरब जा रही फ्लाइट में जबरन गेट खोलने की कोशिश की, 5 यात्रियों को उतारा गया

,

   

इंडिगो की दिल्ली से सऊदी अरब के जेद्दाह जाने वाली फ्लाइट में एक यात्री ने मंगलवार की शाम जबरन दरवाजा खोलने का प्रयास किया। इस कारण एक ही ग्रुप के पांच यात्रियों को फ्लाइट से उतार दिया गया। ये यात्री अपने ग्रुप के उन दो यात्रियों को फ्लाइट में बैठाए जाने की अनुमति देने की मांग कर रहे थे, जिनके बोर्डिंग पास गुम हो गए थे।

घटना के समय फ्लाइट उड़ान भरने के लिए रनवे पर चल पड़ा था कि उसी दौरान यह घटना हुई। इसके कारण फ्लाइट के कैप्टन फ्लाइट को पार्किंग एरिया में ले आए और पांच यात्रियों को फ्लाइट से उतार दिया गया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसमें शामिल रहे पांच यात्रियों को फ्लाइट से उतार दिया गया और उसके बाद करीब तीन घंटे की देरी से फ्लाइट दिल्ली हवाई अड्डे से रवाना हुआ।

अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर से आई एक कनेक्टिंग फ्लाइट के 110 यात्रियों का ग्रुप इस ए-321 फ्लाइट में सफर कर रहा था। उनके दो यात्रियों को बोर्डिंग गेट पर ही उतार दिया गया, क्योंकि उन्होंने अपने बोर्डिंग पास गुम कर दिए थे।

उन्होंने बताया, ‘फ्लाइट के रवाना होने के समय, इस ग्रुप के मुखिया ने मांग की कि ग्रुप के उन दो सदस्यों को भी फ्लाइट में सवार होने दिया जाए। चालक दल ने उन्हें रोका और उन्हें अपनी सीट पर बैठने के लिए राजी किया, लेकिन फ्लाइट में सवार यात्री चिल्लाया और उसने दरवाजे को खोलने की कोशिश की।’

इस ग्रुप के मुखिया समेत तीन महिला और एक पुरूष सह यात्री को फ्लाइट से उतार दिया गया। यात्रियों को फ्लाइट से उतारे जाने के बाद सुरक्षा ड्रिल की गई। पीटीआई ने इस मामले में इंडिगो से बयान देने की अपील की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।