सपा- बसपा गठबंधन पर मुलायम नाराज़, कहा- ‘किसके कहने पर सीटों के बंटवारे हुए?’

,

   

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने सपा-बसपा गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि गठबंधन करने से सपा कमजोर हो गई है। हमने अकेले चुनाव लड़ा था तो 80 में से 39 सीटें जीती थी।

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, उन्होंने कहा कि अपने ही लोग पार्टी को खत्म कर रहे हैं। सपा काफी मजबूत है। सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ना चाहिए था। उन्होंने नाराजगी दिखाते हुए कहा कि आखिर किस आधार पर 38-38 सीटों पर लड़ने का फैसला लिया गया।

मुलायम सिंह यादव बृहस्पतिवार को सपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने बसपा से गठबंधन के लिए अखिलेश के फैसले पर गहरी नाराजगी जताई और कहा कि मैं बात करता तो समझ में आता है अब लोग कह रहे हैं कि लड़का (अखिलेश) बात करके चला गया।

लोकसभा चुनाव में सपा की सीधी लड़ाई भाजपा से है। तीसरा कोई दल नहीं है। अब सीटें आधी हो जाने से हमारे अपने लोग तो खत्म ही हो गए हैं। कोई बताए कि किस आधार पर सीटों का बंटवारा हुआ है। उन्होंने कहा कि मुझे संरक्षक तो बना दिया लेकिन संरक्षक क्या काम करता है कहीं लिखा ही नहीं।