सबरीमाला में महिलाओं के प्रवेश: हिन्दूवादी संगठनों का हिंसक प्रदर्शन

   

काले रंग के परिधान पहने रजस्वला वाली उम्र की दो महिलाओं ने हिन्दूवादी संगठनों की तमाम धमकियों की परवाह न करते हुए बुधवार तड़के भगवान अयप्पा के सबरीमला मंदिर में प्रवेश कर सदियों पुरानी परंपरा तोड़ दीं। इस घटना के बाद भाजपा और हिन्दूवादी संगठनों ने केरल में हिंसक प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन के बीच, विभिन्न हिन्दूवादी समूहों के एक मुख्य संगठन ने बृहस्पतिवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया। राज्य सचिवालय करीब पांच घंटे तक संघर्ष स्थल में तब्दील हो गया और सत्तारूढ माकपा तथा भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई और उन्होंने एक दूसरे पर पत्थर फेंके।

पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछार और आंसू गैस के गोलों का सहारा लेना पड़ा। मल्लपुरम में मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का पुतला फूंका गया और जब भाजपा के महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सचिवालय परिसर में मुख्यमंत्री के कार्यालय के पास जबर्दस्ती करने की कोशिश की तो चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।

साभार- ‘इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम’