स्वाइन फ्लू: फिर बरपा रहा है क़हर, देशभर में अब तक 600 से ज्यादा मौत!

   

स्वाइन फ्लू से देश में पिछले हफ्ते 75 लोगों की मौत होने के साथ इस विषाणु से इस साल मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर 605 पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से सोमवार को यह जानकारी मिली।

रविवार तक संकलित किए गए आंकड़ों के मुताबिक 19,380 लोगों में इस विषाणु की पुष्टि हुई है। स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा मामले राजस्थान में दर्ज किए गए हैं।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, राजस्थान में स्वाइन फ्लू के सर्वाधिक 4,551 मामले सामने आए है। राज्य में 162 लोगों की इस विषाणु से मौत हुई। गुजरात में 118 लोगों की स्वाइन फ्लू के चलते मौत हुई। राज्य में इस रोग से 3,969 लोग संक्रमित हुए।

दिल्ली में पिछले तीन हफ्तों में स्वाइन फ्लू के 870 मामले दर्ज किए गए। राष्ट्रीय राजधानी में इस साल इस रोग से प्रभावित लोगों की संख्या 2,835 हो गई है।

स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय द्वारा सोमवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में स्वाइन फ्लू से छह लोगों की मौत हुई है। इन छह लोगों में एक व्यक्ति दिल्ली का था और बाकी अन्य राज्यों के थे।

मध्यप्रदेश में स्वाइन फ्लू से 71 लोगों की मौतें हुई, जबकि 357 लोग उससे संक्रमित हुए। महाराष्ट्र में इस रोग के चलते 52 लोगों की मौत हुई और 675 लोग उसकी चपेट में आए।

हिमाचल प्रदेश में इस रोग से 34 मौतें हुईं जबकि 298 मामले सामने आए। पंजाब में इस रोग से 31 लोगों की मौत हुई और 517 लोग संक्रमित हुए। उत्तर प्रदेश में 18 लोगों की मौत हुई, जबकि 1,431 लोग संक्रमित हुए।