सऊदी अरब के तख्तापलट की साजिश में राजकुमारों की गिरफ्तारी, किंग सलमान की फ़ोटो वायरल !

,

   

सऊदी अरब से आई तख्तापलट की साजिश की खबर बाहर आने के बाद अब राजपरिवार यह दिखाने की कोशिश में लगा हुआ है कि सब ठीक है। इसी क्रम में अब किंग सलमान की एक तस्वीर सामने आई है। तस्वीर में किंग सलमान अपने महल में कामकाज करते दिखाई दे रहे हैं। बता दें कि शनिवार को शाही परिवार के तीन राजकुमारों को पकड़ा गया था। तीनों पर तख्तापलट की साजिश रचने के आरोप थे। ऐसे में इस तस्वीर के कई मायने हैं। यह दिखाने की कोशिश हो सकती है कि राजपरिवार में सब ठीक है।

तीनों राजकुमारों पर ऐक्शन को देश के शक्तिशाली राजकुमार (क्राउन प्रिंस) का संदेश माना जा रहा था कि सत्ता पर उनकी पकड़ मजबूत है। ऐक्शन के बाद 84 साल के किंग सलमान की सेहत को लेकर भी आशंकाएं जताई जाने लगी थीं। मिली जानकारी के मुताबिक, यह तस्वीर एक कार्यक्रम की है। जब सऊदी ने युक्रेन और उरुग्वे के लिए अपने राजदूत नियुक्त किए थे। राजपरिवार के नजदीकी एक सूत्र ने बताया था कि किंग सलमान पूरी तरह स्वस्थ्य हैं और राजकुमारों पर ऐक्शन दिखाता है कि राजपरिवार में अनुशासन प्रमुख है।

बता दें कि जिन शहजादों की गिरफ्तारी हुई थी वे गृह मंत्री के पद पर काम कर चुके हैं और साम्राज्य के भीतर सुरक्षा एवं निगरानी का काम देखते थे। गिरफ्तारी के बाद एक सूत्र ने कहा था कि गिरफ्तारियां शाही परिवार के उन सभी लोगों को एक संदेश है जो लोग युवराज का समर्थन नहीं करते कि उन्हें युवराज के आगे झुकना होगा।

https://twitter.com/KSAmofaEN/status/1236627904957743110/photo/1

शहजादों की गिरफ्तारी चेतावनी?
मोहम्मद बिन सलमान का समर्थन नहीं करने के लिए दो बड़े शहजादों को गिरफ्तार किया जाना शाही परिवार के लिए चेतावनी लेकर आया है। शाही परिवार के दो करीबी लोगों ने यह बात कही है। उन्होंने कहा कि शहजादों की गिरफ्तारी इस बात का संदेश है कि शाही परिवार का कोई भी सदस्य अगर क्राउन प्रिंस के समर्थन में नहीं रहा तो किसी भी शहजादे की गिरफ्तारी मुमकिन है। क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान को अपने पिता शाह सलमान के समर्थन से सत्ता के सभी प्रमुख आयामों पर पूर्ण राज प्राप्त है। गिरफ्तारी से अवगत सऊदी अरब के एक व्यक्ति ने बताया कि शाह सलमान के भाई शहजादे अहमद बिन अब्दुल अजीज अल-सउद और भतीजे शहजादे मोहम्मद बिन नयेफ की शुक्रवार को गिरफ्तारी ऐसे व्यवहार के लिए हुई जो नेतृत्व के खिलाफ उकसाने वाला था।

शाही सरकार के करीबी एक व्यक्ति ने बताया कि यह कदम यह जानते हुए भी चौंकाने वाला था कि शहजादे मोहम्मद बिन नयेफ (60) पर करीब से नजर रखी जाने की चर्चा आम थी। शाह के बेटे द्वारा 2017 मध्य में उत्तराधिकारी के उम्मीदवार की दौड़ से उन्हें बाहर किए जाने के बाद उन पर करीबी नजर रखी जा रही थी। शहजादे अहमद (78) की गिरफ्तारी भी अनपेक्षित थी क्योंकि वह शाह के सगे छोटे भाई होने के साथ ही सत्तारूढ़ अल सउद परिवार के वरिष्ठ सदस्य भी हैं। हालांकि उनके विचार 34 वर्षीय क्राउन प्रिंस से मेल नहीं खाते थे और वह उन चुनिंदा बड़े शहजादों में से एक थे जो उनका समर्थन करने से बचते रहे थे।