UP: छेड़छाड़ से परेशाना होकर नाबालिग लड़की ने खुद को किया आग के हवाले!

, ,

   

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से दिल को दहला देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां छेड़छाड़ से परेशाना 15 साल की एक नाबालिग ने खुद को आग लगा ली।

इंडिया डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए कानपुर भेजा गया है।

हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सुमेरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार सुबह करीब आठ बजे 15 साल की एक लड़की ने अपने घर में खुद पर केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगा ली।

उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए कानपुर भेजा गया है।

एसपी ने बताया कि सोमवार दोपहर लड़की के परिजनों द्वारा एक 16 साल के लड़के की पिटाई किये जाने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।

उस समय लड़की के परिजनों ने लड़के पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाकर पिटाई करने की बात बताई थी, लेकिन तहरीर देने से मना कर दिया था।

उन्होंने कहा कि लड़की के परिजनों की तहरीर के आधार पर अब आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया कि लड़का अक्सर उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करता था। सोमवार को भी उसने ऐसा ही किया था।

तब मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी लड़के को समझा-बुझाकर छोड़ दिया था। बार-बार की जा रही छेड़छाड़ से परेशान होकर लड़की ने आग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की है।