यूपी: पति को तलाक़ देकर दो महिलाओं ने आपस में की शादी!

   

उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड में शनिवार को दो महिलाओं ने मंदिर में शादी रचाई। दोनों कॉलेज में एक साथ पढ़ती थी। इसी दौरान दोनों में प्यार हुआ, लेकिन जैसे ही इस रिश्ते के बारे में परिवारवालों को पता चला, उन्हें अलग करवाकर दोनों की शादी कर दी गई।दोनों महिलाओं में से एक की उम्र 24 और दूसरी की 26 साल है।

दोनों ने मंदिर में साधारण तरीके से शादी की। हालांकि रजिस्ट्रार ने दोनों की शादी को रजिस्टर करने से इनकार कर दिया। 6 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने धारा 377 में बदलाव करते हुए समलैंगिकता को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया था, लेकिन भारत में अभी तक समलैंगिकों के विवाह के लिए कोई नियम नहीं है।

रजिस्ट्रार का कहना है कि समलैंगिकों के विवाह को लेकर कोई नियम तय नहीं होने की वजह से वह शादी रजिस्टर नहीं कर सकते हैं। हालांकि दोनों महिलाओं ने अभी उम्मीद नहीं खोई है।

उनमें से एक ने कहा, “हमारे वकील ने हमें बताया है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद हम दोनों साथ रह सकते हैं। हमें कोई परेशान नहीं कर सकता है।”छह साल पहले दोनों को बीच में ही कॉलेज छोड़ना पड़ा था।

कॉलेज छोड़ने के छह महीने के अंदर ही दोनों की शादी हो गई। हालांकि दोनों एक-दूसरे को भूल नहीं पाई। दोनों ने लंबी कानूनी लड़ाई लड़कर अपने पतियों से अलग हुई और अब दोनों ने शादी कर ली।

साभार- ‘न्यूज़ 18 हिन्दी’