2019 का लोकसभा चुनाव सभी सीटों पर नहीं लड़ेगी आम आदमी पार्टी

,

   

लोकसभा चुनाव  को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारी शुरु कर दी है। वर्ष 2014 की तरह 2019 के लोकसभा चुनावों में पार्टी पूरे देश में चुनाव नहीं लड़ेगी। पार्टी का फोकस इस बार उत्तर भारत की 33 लोकसभा सीटों पर ही रहेगा।

पार्टी के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने बुधवार को बताया कि ‘आप’ दिल्ली (7), हरियाणा (10), पंजाब (13), गोवा (2) और चंडीगढ़(1) की सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली में संगठन विस्तार करने जा रहे हैं। इसके तहत विजय प्रमुख बनाए जाएंगे, जोकि लोकसभा चुनावों में सीधे तौर पर पार्टी के लिए बेहद अहम कड़ी साबित होंगे।

गठबंधन ने दूर नहीं है ‘आप’ : ‘आप’ गठबंधन का हिस्सा होगी या नहीं यह साफ नहीं है, लेकिन पार्टी का मानना है कि बीजेपी को हराने के लिए यदि उसे किसी भी पार्टी से समझौता करना पड़ा तो वह तैयार है। गोपाल राय ने कहा कि चुनाव को लेकर पार्टी ने सभी विकल्प खुले रखे हैं। हम बीजेपी की तानाशाही को खत्म करने के लिए विभिन्न दलों से समझौता करने के लिए तैयार हैं।

लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आवास वार रूम में तब्दील हो जाएगा। इसके तहत मुख्यमंत्री आवास पर पंजाब, हरियाणा, गोवा, दिल्ली सहित अन्य राज्यों में चुनावी गतिविधियों को लेकर चर्चा की जाएगी। गुरुवार को पहले पंजाब के सभी पदाधिकारियों को बुलाया गया है। बैठक के दौरान चुनाव प्रचार, गठबंधन सहित अन्य विषयों पर चर्चा होगी।