2060 में भारत की मुस्लिम आबादी 33 करोड़ हो जाएगी- रिपोर्ट

,

   

अमेरिकी थिंक टैंक प्यू रिसर्च सेंटर के मुताबिक चालीस साल बाद भारत सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा। 2060 में भारत की मुस्लिम आबादी 33 करोड़ हो जाएगी, जो वर्तमान में अभी 19.4 करोड़ है।

यानी दुनिया की कुल मुस्लिम आबादी में भारत का योगदान 11 फीसद होगा। वहीं पाकिस्तान 28.36 करोड़ मुस्लिम आबादी के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा।

जागरण डॉट कॉम के अनुसार, 2060 तक पाकिस्तान की कुल आबादी में 96.5 फीसद आबादी मुस्लिम होगी, जबकि दुनिया की कुल मुस्लिम आबादी में पाकिस्तान का योगदान 9.5 फीसद होगा।

नाइजीरिया की मुस्लिम आबादी 28.31 करोड़ होगी और मुस्लिम आबादी वाले देशों की सूची में यह तीसरे स्थान पर आ जाएगा। वहीं इस सूची में चौथे स्थान पर इंडोनेशिया होगा जिसकी मुस्लिम आबादी 25.34 करोड़ होगी।

अभी सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश इंडोनेशिया है, जहां 22 करोड़ (2015 के आंकड़ों पर आधारित) मुसलमान रहते हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर भारत (19.4 करोड़) और तीसरे स्थान पर पाकिस्तान (18.4 करोड़ ) है। वहीं चौथे स्थान पर बांग्लादेश और पांचवें स्थान पर नाइजीरिया है।