70 साल की रट लगाना बंद करे भाजपा , 5 साल का हिसाब दें : प्रियंका गांधी

,

   

अपने पूर्वांचल दौरे के दूसरे दिन भी कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी के निशाने पर केंद्र की मोदी सरकार रही। उन्होंने कहा कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया? यह कब तक चलेगा? यह कहने की कोई एक्सपायरी है? अब यह बंद होना चाहिए। अब तो इस सरकार की एक्सपायरी डेट पूरी हो चुकी है। सीतामढ़ी में गेस्ट हाउस से मंदिर जाते समय प्रियंका ने कुछ देर बाहर खड़े मीडिया के लोगों से बात की। उन्होंने कहा कि इस सरकार से हर तबका आजिज आ गया है। बुनकर किसान नौजवान सभी परेशान हैं। शिक्षामित्रों को चुनाव के समय वादा किया लेकिन कुछ नहीं किया गया। उनकी नौकरी चली गई। बुनकरों की उपेक्षा के चलते कालीन उद्योग बदहाल है। प्रियंका ने कहा कि इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से आज मिलने पहुंचे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को तीन साल से सेलरी नहीं मिल रही है। उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है।

मीडिया से बात करने के बाद प्रियंका ने सीता माता का दर्शन किया अौर लवकुश आश्रम भी गईं। भदोही से प्रियंका मिर्जापुर जाएंगी और विंध्यवासिनी देवी के मंदिर में मत्था टेकेंगी। वह कल सुबह तक मिर्जापुर में ही अलग अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। चुनार में रोड शो करने के बाद वाराणसी आएंगी।