बीजेपी सासंद ने राम के वंशज होने का दावा किया!

   

जयपुर की पूर्व राजकुमारी और राजसमंद से बीजेपी सांसद दीया कुमारी ने कहा है कि भगवान राम के वंशज पूरी दुनिया में फैले हैं। उन्होंने यह भी दावा किया है कि खुद उनका परिवार भगवान राम के पुत्र कुश का वंशज है।

दीया ने अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट में चल रही बहस को लेकर पूछे गए एक सवाल पर शनिवार को कहा कि भगवान राम के वंशज पूरी दुनिया में हैं। सुप्रीम कोर्ट में पूछा गया था कि क्या भगवान राम के वंशज अयोध्या में अभी भी हैं।

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘हां, भगवान राम के वंशज पूरी दुनिया में हैं। हमारा परिवार भी उनके पुत्र कुश का वंशज है।’ इससे पहले एक समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में जयपुर की पूर्व रानी पद्मिनी देवी ने भी अपने परिवार को भगवान राम का वंशज बताया था।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, उन्होंने कहा कि उनका परिवार भगवान राम के पुत्र कुश के परिवार से संबद्ध है। उन्होंने कहा कि जयपुर के पूर्व राजा और उनके पति भवानी सिंह कुश की 309वीं पीढ़ी थे।

सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद जमीन विवाद मामले में एक पक्ष रामलला विराजमान (देवता) के वकील के. पराशरण से यह पता लगाने को कहा था कि क्या रघुवंश (भगवान राम के वंश) का कोई अयोध्या में रहता है?

मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली 5 जजों की पीठ ने पराशरण के सामने यह सवाल रखा। पीठ ने कहा था कि यह जिज्ञासावश पूछा जा रहा है। पराशण ने जवाब में कहा था, ‘मुझे जानकारी नहीं है। हम इसका पता लगाने की कोशिश करेंगे।