कोरोना वायरस: भारत में मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हुई

, , ,

   

कोरोनावायरस देश में लगातार कहर बरपा रहा है। रविवार को महाराष्ट्र के बाद बिहार में भी एक व्यक्ति की जान चली गई है।

 

खास खबर पर छपी खबर के अनुसार, इसके साथ ही भारत में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 6 हो गई है। जानकारी के अनुसार पटना में 38 साल का सैफ अली कतर से आया था।

 

वह मुंगेर का रहने वाला था। सैफ डायबिटीज का मरीज था और उसकी किडनी भी खराब थी। वह 20 मार्च को एम्स में भर्ती हुआ था।

 

मुंबई में रविवार को कोरोनावायरस के एक मरीज की मौत हो गई। 63 वर्षीय यह शख्स एचएन रिलायंस अस्पताल में 21 मार्च को भर्ती हुआ था।

 

अब कोरोनावायरस से भारत में मरने वालों की संख्या 5 हो गई है। इससे पहले 17 मार्च को मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में 64 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी।

 

इसके अलावा कर्नाटक के कलबुर्गी, दिल्ली और पंजाब के नवांशहर में भी 1-1 व्यक्ति की जान जा चुकी है। महाराष्ट्र इस वायरस से सर्वाधिक प्रभावित है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशवासियों से ‘जनता कर्फ्यू’ का हिस्सा बनने का आग्रह करते हुए कहा कि यह कोविड-19 से लड़ने में मजबूती प्रदान करेगा।

 

रिकॉर्ड किए हुए वीडियो में दिए गए संदेश के माध्यम से उन्होंने लोगों से सामाजिक दूरी बनाने एवं जनता कर्फ्यू का अनुसरण करने के साथ घर के अंदर ही रहने की अपील की।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट में कहा, “जनता कर्फ्यू शुरू हो रहा है..मेरी विनती है कि सभी नागरिक इस देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनें और कोरोना के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाएं।

 

हमारा संयम और संकल्प इस महामारी को परास्त करके रहेगा।” मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने विशेष संबोधन में कहा, “आज मैं 22 मार्च, रविवार को सुबह 7 बजे से 9 बजे तक जनता कर्फ्यू के लिए देश के लोगों से अनुरोध कर रहा हूं।”

 

उन्होंने लोगों से इस ‘कर्फ्यू’ का पालन करने, सड़कों पर न निकलने या बाजारों में एकत्र न होने और अपने घरों के अंदर रहने का आग्रह किया।

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि वे सख्ती के साथ जनता कर्फ्यू का पालन करेंगे। साथ ही उन्होंने देश के नागरिकों से भी इसमें शामिल होने का आग्रह किया।

 

गृह मंत्री ने ट्वीट कर कहा कि इस महामारी से देश को बचाने के लिए चेन को तोड़ने की आवश्यकता है और लोग ऐसा एकांतवास में जाकर व सामाजिक दूरी बनाकर कर सकते हैं।

 

उन्होंने कहा, “जनता कर्फ्यू के रूप में लोगों का आंदोलन शुरू हो गया है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान का सख्ती से पालन करने का संकल्प लेता हूं।

 

मैं अपने साथी देशवासियों से भी इसमें भाग लेने का आग्रह करता हूं।” उन्होंने आगे कहा, “आइए, इस चेन (श्रृंखला) को तोड़ें और खुद से एकांतवास में जाकर व सामाजिक दूरी बनाकर अपने देश का बचाव करें।”