रिलायंस कर सकती है फ्यूचर ग्रुप को अधिग्रहण!

, ,

   

 रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेट (RIL) की सब्सिडियरी कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL) ने शनिवार को घोषणा की है कि वह फ्यूचर ग्रुप के खुदरा व थोक कारोबारों तथा रसद और भण्डारण कारोबारों का अधिग्रहण कर रही है।

 

जागरण डॉट कॉम पर छपी खबरके अनुसार,  आरआरवीएल यह अधिग्रहण 24,713 करोड़ रुपये में कर रही है। रिलायंस रिटेल की डायरेक्टर ईशा अंबानी ने इस मौके पर कहा कि वह फ्यूचर ग्रुप के ब्रांड्स को एक नया आशियाना देकर खुश हैं।

 

ईशा अंबानी ने कहा, ‘इस लेन-देन के साथ, हम फ्यूचर ग्रुप के प्रसिद्ध प्रारूपों और ब्रांड्स को एक घर प्रदान करने के साथ-साथ इसके बिजनेस इकोसिस्टम को संरक्षित करके खुश हैं, जिसने भारत में आधुनिक खुदरा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

हम छोटे व्यापारियों और किराना दुकानदारों के साथ-साथ बड़े उपभोक्ता ब्रांडों के साथ सक्रिय सहयोग के हमारे अनूठे मॉडल के साथ खुदरा उद्योग की वृद्धि की गति को जारी रखने की उम्मीद करते हैं। हम देश भर में अपने उपभोक्ताओं को लगातार बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

 

इस डील से फ्यूचर ग्रुप के खुदरा और थोक उपक्रम को रिलायंस रिटेल में स्थानांतरित कर दिया जाएगा, जबकि फैशन लाइफस्टाइल और लॉजिस्टिक्स व वेयरहाउसिंग उपक्रम को रिलायंस रिटेल वेंचर्स (आरआरवीएल) में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

 

अरबपति किशोर बियानी के स्वामित्व वाले फ्यूचर ग्रुप में सुपरमार्केट चेन बिग बाजार, अपमार्केट फूड स्टोर्स फूडहॉल और क्लोथिंग चेन ब्रांड फैक्ट्री शामिल है।

 

रिलायंस रिटेल का कहना है कि इस सौदे से रिलायंस रिटेल को इस चुनौतिपूर्ण समय में लाखों छोटे व्यापारियों की आय में वृद्धि करने में मदद मिलेगी।

 

रिलायंस रिटेल वेंचर्स रिलायंस इंडस्ट्रीज समूह का हिस्सा है। रिलांयस इंडस्ट्रीज अपने मार्च 2021 के लक्ष्य से कई महीने पहले जून 2020 में ही कर्ज मुक्त हो गई थी।