अमरीका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने इस देश के राष्ट्रपति की विदेश नीति की कड़ी आलोचना की है। जाॅन बोल्टन ने अपने भाषण के दौरान डोनाल्ड ट्रम्प के साथ अपने मतभेदों का उल्लेख किया।पोलिटिको पत्रिका के अनुसार “Gatestone Institute” में बोलते हुए बोल्टन ने ट्रम्प की विदेश नीति की कड़े शब्दों में निंदा की।
पार्स टुडे डॉट कॉम के अनुसार, उन्होंने कहा कि ईरान और उत्तरी कोरिया के साथ कोई भी वार्ता सफल नहीं हो सकती। इसी के साथ बोल्टन ने ट्रम्प की ओर से तालेबान के साथ वार्ता के निमत्रण को ख़तरनाक संकेत बताया। बोल्टन ने कहा कि यह काम, ग्यारह सितंबर की घटना में मारे जाने वालों का खुला अपमान है।
अमरीका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोल्टन ने यह भी दावा किया कि एक अमरीकी ड्रोन को ईरानियों द्वारा मार गिराने के बाद ट्रम्प की ओर से इसका जवाब न देने के कारण हालिया महीनों के दौरान ईरान का रवैया अधिक आक्रामक हो गया है। बोल्टन ने सऊदी अरब के तेल प्रतिष्ठानों पर हमले को युद्ध की संज्ञा दी।
ज्ञात रहे कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कुछ दिन पहले आपसी मतभेदों के चलते इस देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जान बोल्टन को उनके पद से हटा दिया था। उन्होंने राबर्ट ओब्राएन को अमरीका का नया राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त किया है।