क्या बीजेपी ने स्वीकार किया कि नेताओं के विवादित बयान की वजह से दिल्ली चुनाव हारी?

,

   

दिल्ली में हार के बाद सार्वजनिक तौर पर पहली बार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वीकार किया कि उनका विधानसभा चुनाव में 45 सीटें प्राप्त करने का आकलन गलत साबित हुआ। उन्होंने कहा कि मेरा आकलन 45 सीटों का था। यह गलत साबित हुआ।

 

खास खबर पर छपी खबर के अनुसार, अमित शाह ने कहा भाजपा भले ही हार गई हो, लेकिन उसने अपनी विचारधारा का विस्तार किया। उन्होंने अपने ईवीएम से करंट लगाने के बयान का तो बचाव किया लेकिन कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान की गईं कुछ टिप्पणियां अनुचित थीं।

 

राजधानी में टाइम्स नाऊ समिट में गुरुवार को उन्होंने कहा, भाजपा ने उनसे (नेताओं के विवादित बयानों से) खुद को अलग किया था।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली विधानसभा में जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएगी। भाजपा की दिल्ली विधानसभा चुनावों में करारी हार हुई है। पार्टी को सिर्फ आठ सीटें मिली हैं, जबकि आप को 62 सीटों पर जीत मिली है।

 

दिल्ली के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को दिल्ली के नागरिकों को रविवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने बेटे को आशीर्वाद देने के लिए आना चाहिए।

 

केजरीवाल ने ट्वीट कर अपने शुभचिंतकों का आभार जताया। केजरीवाल ने गुरुवार को ट्वीट में कहा कि दिल्लीवासियों, आपका बेटा तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहा है। अपने बेटे को आशीर्वाद देने जरूर आना है। रविवार, 16 फरवरी सुबह 10 बजे, रामलीला मैदान में।