AMU में सक्रिय होना चाहती है बीजेपी, कर रही टीम तैयार!

   

भारतीय जनता युवा मोर्चा अब अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में भी कार्यकर्ता तैयार करेगा। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश ने बताया कि एएमयू में संपर्क कर मोदी समर्थक छात्रों को एकजुट किया जाएगा।

एएमयू में कैंपस एंबेसडर व वालंटियर बनाए जाएंगे, जिससे वहां भी कार्यक्रम हो सकें। भाजयुमो जब प्रदेश के कॉलेज-विश्वविद्यालयों में कार्यक्रम कर सकता है तो एएमयू में क्यों नहीं?

सोमवार को अलीगढ़ पहुंचे सुभाष यदुवंश ने एक होटल में मीडिया से बातचीत में कहा कि वे मिशन-2019 के लिए निकले हैं। नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए मोर्चा ने कमर कस ली है।

भाजपा हाईकमान ने सबसे अधिक कार्यक्रम भी मोर्चा को दिए हैं। कुछ कार्यक्रम ऑनलाइन हैं तो कुछ ऑफलाइन। ‘नेशन विद नमोÓ देश का सबसे बड़ा कार्यक्रम है, जिसमें वालंटियर निकाले जाएंगे।

18 से 40 वर्ष तक युवाओं को जोड़ा जाएगा। कैंपस वालंटियर अभियान भी चलाया जाएगा। विभिन्न जाति-धर्म के प्रमुख लोगों से संपर्क किया जाएगा। कमल क्रिकेट कप व युवा महोत्सव आयोजित किया जाएगा।

प्रदेश के 1.60 लाख बूथों से दो मार्च को बाइक रैली निकाली जाएगी, जो ऐतिहासिक होगी। सपा-बसपा के गठबंधन से प्रदेश में भाजपा के लिए राह मुश्किल होगी? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका कोई असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि देश के सामने सबसे अच्छा विकल्प सिर्फ मोदी ही है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर सीबीआइ के दुरुपयोग का आरोप लगया है, इस पर सुभाष ने कहा कि ऐसा नहीं है। जो भी गलत करेगा, भाजपा सरकार में बच नहीं सकेगा।

एएमयू में हाल में मोदी के खिलाफ कई राजनीति दलों के नेताओं ने मीटिंग की है, उनका कहना है कि मोदी देश के लिए खतरा हैं। इस पर सुभाष ने कहा कि ऐसे लोगों पर प्रदेश सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी।

रामघाट रोड स्थित होटल आभा रीजेंसी में प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश ने क्षेत्रीय कार्ययोजना की बैठक में कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव जिताएंगे।

आगामी कार्यक्रमों में कार्यकर्ता जुट जाएं। संचालन ब्रज क्षेत्र के महामंत्री अभिषेक उर्फ गोपाल शर्मा ने किया। बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी धनंजय शुक्ल, क्षेत्रीय अध्यक्ष मनीष गौतम, प्रदेश महामंत्री कमलेश मिश्रा, महामंत्री देवेंद्र पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष शिववीर भदौरिया, अभिषेक द्विवेदी, प्रदेश मंत्री केके गौतम, प्रदेश मंत्री पुरुषार्थ सिंह, जवाहर लाल, रोहन त्यागी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राहुल शर्मा, प्रदेश संयोजक अंकुर राणा, संतोष जयसवाल आदि थे।

साभार- ‘जागरण डॉट कॉम’