नागरिकता बिल को लेकर अलीगढ़ में इंटरनेट सेवा बंद

, ,

   

अलीगढ़ में नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में हो रहे लगातार प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन ने जिले में देर रात तत्काल प्रभाव से शुक्रवार शाम 5 बजे तक के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।

देर रात यह आदेश जिलाधिकारी स्तर से जारी होते ही आधी रात को इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के संदेश भी मोबाइल पर आने लगे। एडीएम सिटी ने इस बात की पुष्टि की है।
बिल के विरोध में ही एएमयू छात्र संघ के निवर्तमान अध्यक्ष मो. सलमान इम्तियाज ने शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कैंपस से डीएम कार्यालय तक विशाल जुलूस निकालने की घोषणा की है। अधिक से अधिक लोगों से साथ आने का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि एएमयू के छात्र संगठन ने शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद एएमयू से डीएम ऑफिस तक शांतिपूर्ण रैली निकालने का फैसला किया है। जुमे की नमाज केवल जामा मस्जिद में होगी। इसके बाद डीएम को राष्ट्रपति और सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को संबोधित एक ज्ञापन दिया जाएगा।

मकसद संसद द्वारा पारित नागरिकता संशोधन बिल 2019 का पूर्ण रूप से बहिष्कार करना और इसकी समाप्ति के लिए उचित कार्रवाई करने की मांग है। उन्होंने दावा किया कि इस रैली में सभी 32 हजार छात्र भाग लेंगे। अमुटा, नान टीचिंग सहित सभी का इसमें शामिल होने के लिए आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अलीगढ़ को नया जीवन देने का प्रयास है।