आन्ध्र प्रदेश की महिला सब- इंस्पेक्टर ने अज्ञात लाश को कंधा देकर श्मशानघाट पहुंचाया!

, ,

   

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम के काशीबग्गा पुलिस थाने में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर सिरीशा की जमकर तारीफ हो रही है। खुद आंध्र प्रदेश के डीजीपी गौतम सवांग ने महिला पुलिस अधिकारी की सराहना की है।

साक्षी समाचार पर छपी खबर के अनुसार, दरअसल महिला एसआई ने वो काम किया जिसे कर्तव्यनिष्ठा और काम के प्रति समर्पण के लिहाज से देखा जा रहा है। महिला एसआई सिरीशा को किसी गांव में अज्ञात शव की खबर मिली। जांच पड़ताल के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाना था।

अमूमन ऐसा देखने को मिलता है कि पुलिस अपनी जांच के बाद शव को परिजनों के हवाले कर देती है। मगर अज्ञात लाश को यहां स्वीकार करने वाला कोई नहीं था।

आखिरकार महिला पुलिस अधिकारी ने खुद कंधा देते हुए शव को श्मशान पहुंचाया। साथ ही अपने सामने ही सम्मान के साथ अंतिम संस्कार सम्पन्न करवाया।

महिला पुलिस अधिकारी ने शव को स्थानीय लोगों की मदद से कंधे पर डालते हुए करीब दो किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान शव ले जाये जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसकी लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।

समाज में बेटों के ही शव को कांधा देने की रवायत है। सिरीशा ने मान्यताओं और परंपरा की नई लकीर खींची है। जो अपने पराये की सीमाओं से भी परे है। शव को स्ट्रेचर पर ही ले जाया गया। इस दौरान दो किलोमीटर खेत की मेड़ और पगडंडियों पर चलना कितना दूभर है।

आंध्र प्रदेश पुलिस विभाग की शान को सिरीशा ने अपने अच्छे काम से और बढ़ाया है। खुद डीजीपी गौतम सवांग ने कासिबुगा एसआई सिरीशा की संवेदनशीलता की प्रशंसा की है।