बलिया से बीजेपी विधायक ने फिर दिया विवादित बयान!

   

भारतीय जनता पार्टी के बलिया से विधायक सुरेन्द्र सिंह अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। इस बार उन्होंने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना राक्षसी से की है। उन्होंने ममता को राक्षसों का प्रमुख तक बता डाला है।

 

सुरेन्द्र सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रजातांत्रिक व्यवस्था में ममता बनर्जी के अंदर शुद्ध रूप से राक्षसी संस्कार हैं तथा उनके पास नारी धर्म का कोई संस्कार नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि जो सैकड़ों हिंदुओं का कत्लेआम करने वाले शरणार्थियों को संरक्षण दे रही हैं, ऐसे नेता को हम राक्षस ही कह सकते हैं। उनके पास कोई मानवीय मूल्य नहीं हैं। न ही महिलाओं की कोई विशेषता है। इसलिए हम उन्हें मानव नहीं, बल्कि दानव कह रहे हैं।

 

उन्होंने आगे कहा कि वे श्रीलंका की लंकिनी की तरह हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोलकाता यात्रा और नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस के विरोध के जिक्र पर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बंगाल में ममता एक नेता नहीं, बल्कि लंकिनी हैं।

भाजपा वहां चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज करेगी। उल्लेखनीय है कि पिछले काफी समय से भाजपा और ममता के बीच तनातनी चल रही है।