किसानों के खिलाफ़ बीजेपी पंजाबी हिंदुओं को भड़का रही है- सुखबीर बादल

, ,

   

नए कृषि कानून के खिलाफ केंद्र सरकार से अलग हुई शिरोमणि अकाली दल ने भाजपा पर पंजाब में सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

भास्कर डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि भाजपा ही असली टुकड़े-टुकड़े गैंग है। उसने देश की एकता के टुकड़े-टुकड़े कर दिए हैं।

उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर कहा कि पहले उन्होंने बेशर्मी से मुसलमानों के खिलाफ हिंदुओं को उकसाया और अब अपने सिख भाइयों, विशेष रूप से किसानों के खिलाफ पंजाबी हिंदुओं को भड़का रहे हैं।

वे देशभक्त पंजाब को सांप्रदायिक लपटों की ओर ले जाना चाहते हैं। अकाली दल इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को अपने अहंकार को पीछे छोड़कर किसानों की बात सुननी चाहिए। जिन लोगों ने यह कानून बनाया है, उन्होंने कभी खेती की ही नहीं। केंद्र की मोदी सरकार अफसरों के कहने पर चल रही है।

सुखबीर सिंह बादल ने कहा, ‘आज के हालात ऐसे हैं कि अगर कोई एनडीए सरकार से सहमत है, तो वह देशभक्त है।

अगर कोई उनके साथ सहमत नहीं होता, तो उन्हें देशद्रोही या अलगाववादी या टुकड़े-टुकड़े गैंग का मेंबर कहा जाने लगता है।’

उन्होंने सरकार से सवाल किया कि क्या प्रकाश सिंह बादल देशद्रोही हैं, जिन्होंने किसानों के समर्थन में पद्म विभूषण वापस किया? क्या हरसिमरत कौर देशद्रोही हैं, जिन्होंने कृषि कानूनों के विरोध में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

किसान आंदोलन के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस वक्त आंदोलन का सबसे निंदनीय पहलू यह है कि इसे सिख vs हिंदू संघर्ष के रूप में प्रोजेक्ट किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत दिल्ली में हुई थी और अब इसे पंजाब में दोहराने की कोशिश की जा रही है। अकाली दल हमेशा से कहता रहा है कि पंजाब केवल शांति और सांप्रदायिक सद्भाव के साथ समृद्ध होगा।