बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व राजद नेता तेजस्वी यादव ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की और उन्हें गठबंधन की बधाई देते हुए कहा कि सपा-बसपा गठबंधन होना ऐतिहासिक मौका है। इसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस समय देश में भाजपा के खिलाफ जबरदस्त माहौल है। भाजपा विकास का वादा कर सत्ता में आई थी लेकिन उसने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया। न तो दो करोड़ नौकरियां दीं और न ही 15 लाख रुपये देश की जनता को दिये।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 में यूपी, बिहार व झारखंड में भाजपा की 100 सीटें कम होंगी। सपा-बसपा गठबंधन से भाजपा को झटका लगा है। इस गठबंधन के लिए मैं अखिलेश यादव व मायावती को बधाई देने के लिए आया हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए तेजस्वी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में तो मोदी जी ने बिहार की बोली लगा दी थी। सवा लाख करोड़ का पैकेज देने का वादा किया था लेकिन अब तक नहीं दिया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस पर कुछ नहीं बोल रहे हैं।
तेजस्वी ने कहा कि अखिलेश और मायावती जी ने ऐतिहासिक फैसला लिया है। इसका असर पूरे देश की राजनीति पर होगा। उन्होंने कहा कि आज बिहार में भाजपा व नीतीश की सरकार में राज्य की कानून-व्यवस्था खराब है पर मुख्यमंत्री कुछ बोल ही नहीं रहे हैं। बिहार में तो बर्फ भी नहीं पड़ी है कि उनका (मुख्यमंत्री नीतीश) मुंह जम गया हो।
गठबंधन में कांग्रेस के न शामिल होने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि यूपी में भाजपा को हराने के लिए सपा-बसपा ही काफी हैं। यहां तक कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कहा है कि भाजपा यूपी में ज्यादा सीटें नहीं जीत पाएगी, गठबंधन में कौन-कौन शामिल है, ये मुद्दा नहीं।
वहीं, अखिलेश यादव ने कहा कि सपा-बसपा गठबंधन का असर पूरे देश पर पड़ेगा। उपचुनाव में ये साबित हो चुका है कि भाजपा को अब यहां एक भी सीट नहीं मिलने जा रही है।
साभार- ‘अमर उजाला’