बीजेपी नेता और विवादों में रहने वाले सासंद गिरिराज सिंह ने कहा कि भगवान राम का प्रमाण मांगने वाले को अब अपना प्रमाण देने में परेशानी हो रही है
खास खबर पर छपी खबर के अनुसार, केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने गुरुवार को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को लेकर विरोधियों पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि भगवान राम का प्रमाण मांगने वाले को अब अपना प्रमाण देने में परेशानी हो रही है।
भाजपा के फायरब्रांड नेता माने जाने वाले गिरिराज ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, भगवान राम का प्रमाण मांगने वाले को अब अपना प्रमाण देने में हो रही है परेशानी। एनआरसी को लेकर फैलाया जा रहा है भ्रम। विपक्ष को है रोहिंग्या मुसलमान की नागरिकता की चिंता।
भारतवंशियों को एक करने वाले सीएए पर कोई सवाल नहीं। गौरतलब है कि अपने बयानों से चर्चित रहने वाले बेगूसराय से लोकसभा सांसद गिरिराज ट्विटर के माध्यम से लगातार विरोधियों पर निशाना साधते रहे हैं।
67 वर्षीय गिरिराज सिंह ने हाल ही एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण के जेएनयू जाने को लेकर भी बयान दिया था।
गिरिराज ने कहा कि दीपिका हों या फिर कोई और हस्ती, यह उन्हें ही सोचना होगा कि जिस स्थान पर लोग राष्ट्र विरोधी रवैया अपना रहे हों, या फिर पाकिस्तान की बोली बोल रहे हों, वहां उनकी उपस्थिति देश को क्या संदेश देगी?
सेलेब्रिटिज के लिए अब यह सोचने का समय आ गया है कि जब पूरा देश एक देश-एक विधान कह रहा हो, तो तब जिस जेएनयू में आतंकवादियों की बरसी मनाई गई हो, वहां किसी भी सेलेब्रिटी को जाना चाहिए या नहीं?