CAA के विरोध प्रदर्शन में शामिल दिल्ली का शख्स कोरोना पॉजिटिव, बहन भी है संक्रमित

   

नई दिल्ली:   दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक शख्स को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। 11 मार्च को उसकी बहन ऊदी अरब से लौटी थी। उसकी बहन भी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुकी है। शख्स का नाम तबरेज है, कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसे दिल्ली के राम मनोहर लोहिया में भर्ती कराया गया है। यह शख्स सीएए के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन में भी शामिल रहा है। तबरेज बहन के कोरोना वायरस के टेस्ट रिपोर्ट के बाद 13 मार्च को उससे मिला और फिर सीएए विरोध स्थल पर गए। तबरेज की बहन का सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। दिल्ली में अभी तक एक विदेशी नागरिक सहित कुल 12 मामलों की पुष्टि हुई है। दिल्ली में कोरोना से एक 68 वर्षीय महिला की भी मौत हो चुकी है।

दिल्ली सरकार ने रेस्तरां बंद किए, 20 से अधिक लोगों को एकत्र होने की अनुमति नहीं

दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी के सभी रेस्तरां को बंद कर दिया। हालांकि, खाना खरीदकर ले जाने और घर तक खाना पहुंचाने की सुविधा जारी रहेगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ उप राज्यपाल अनिल बैजल ने सभी सरकारी विभागों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक उपक्रमों को गतिविधियों को अलग-अलग बांटने और सभी गैर जरूरी सेवाएं स्थगित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार से गैर जरूरी सेवाएं बंद रहेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘ पूरी दिल्ली में कोरोना वायरस के फैलने के खतरे को देखते हुए 20 से अधिक लोगों के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक जमावड़े पर रोक रहेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हम काबू करने के स्तर पर कोरोना वायरस को नियंत्रित करने में सफल हुए हैं और यह समुदाय के स्तर पर नहीं पहुंचा है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों को पृथक रहने को कहा गया है वे नियमों का अनुपालन करें अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।