कोविड-19 के लिए चीन को बड़ी कीमत चुकानी होगी- ट्रम्प

, ,

   

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर चीन पर निशाना साधा है। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद ट्रम्प को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

 

नई दुनिया पर छपी खबर के अनुसार, अब अमेरिकी राष्ट्ररपति ने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘अब मैं एकदम ठीक महसूस कर रहा हूं। मुझे लगता है कि कोरोना संक्रमित होना भगवान का आशीर्वाद था।

 

मैंने रेजेनरॉन दवा के बारे में सुना था और लोगों को लेने की सलाह दी थी। मैंने इस दवा का सेवन किया।

 

 

इसने शानदार काम किया। चीन ने दुनिया के साथ जो भी किया है, उसके लिए उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। मैं चीन को बताना चाहता हूं कि कोरोना महामारी उसकी गलती है और उसे इसके लिए भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।’

 

भारत में 24 घंटों के दौरान 82,203 लोगों के कोरोना महामारी से मुक्त होने के साथ देश में ठीक होने की दर 85.02 फीसदी हो गई है। वहीं मृत्यु दर घटकर 1.55 फीसदी रह गई है।

 

अब तक 57,44,693 लोग इस बीमारी को मात दे चुके हैं। इस दौरान 72,049 नए मामले आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 67,57,132 हो गई।

 

फिलहाल सक्रिय मरीजों की संख्या 9,07,883 है। यह कुल मामलों का 13.44 फीसद है। वहीं 986 और लोगों की मौत से मरने वालों की कुल संख्या 1,04,555 हो गई है।

 

केरल में कोरोना संक्रमण के एक दिन में 10 हजार से अधिक मामले सामने से सरकार की चिंता बढ़ गई है। राज्य में अब तक 2,51,405 लोग संक्रमित हो चुके हैं।

 

वहीं 22 और लोगों की मौत से राज्य में अब तक 906 लोग जान गंवा चुके हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने बताया कि 24 घंटों में 10,606 मामले सामने आए। इनमें 98 स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं।

 

इस दौरान 73,816 नमूने जांच के लिए भेजे गए। राज्य में अब तक कुल 33,40,242 नमूनों की जांच हो चुकी है। उल्लेखनीय है देश में कोरोना का पहला मामला 30 जनवरी को केरल में ही मिला था।

 

राज्य के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग दूसरे लोगों के संपर्क में आकर संक्रमित हो रहे हैं।

 

बुधवार की शाम तक महाराष्ट्र में संक्रमण के 14,578 और मामले सामने आने से राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 14,80,489 हो गई। राज्य के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार इस दौरान 355 और लोगों की मौत से मरने वालों की कुल संख्या 39,072 हो गई।

 

हालांकि इसी अवधि में 16,715 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिलने से अब तक 11,96,441 लोग इस बीमारी को मात दे चुके हैं। फिलहाल इस राज्य में 2,44,527 सक्रिय मामले हैं।