बलिया में सोशल मीडिया पर कांग्रेस हुई आक्रामक, बीजेपी, सपा और बसपा पर लगातार कर रही तीखे हमले

   

बलिया: जिले में संगठन को फिर से खड़ा करने को लेकर कांग्रेस ने सोशल मीडिया को बीजेपी/सपा/बसपा पर सियासी हमले करने का बड़ा हथियार बनाया है। कांग्रेस हर रोज कुछ न कुछ कार्यक्रम के जरिये प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोल रही है। हाल ही में किसान बिल और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को काफी जोर शोर से सोशल मीडिया पर उठाया गया जिसे स्थानीय लोगों ने काफी पसंद किया। राज्य में 2022 में चुनाव होने हैं लेकिन अभी से ही सोशल मीडिया पर इसकी रणनीति दिखाई दे रही है।

कोरोना के कारण कांग्रेस जनसभाएं ज्यादा नहीं कर पा रही है लिहाजा सोशल मीडिया को हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने की रणनीति पर अमल तेज कर दिया है।
कांग्रेस के सोशल मीडिया द्वारा हर रोज फोटो और वीडियो ट्विटर और फेसबुक पर जारी किए जा रहे हैं। इनमें स्थानीय बीजेपी नेताओं के बयानों को आधार बनाया जा रहा है।
बलिया के युवाओं का कहना है कि जनता तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया एकमात्र सहारा:
कांग्रेस के सोशल मीडिया के अभियान के सवाल पर जनपद के युवाओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अपनी बात पहुंचाने का उचित माध्यम ही न बचा हो तो सोशल मीडिया ही एक मात्र सहारा बचता है और कांग्रेस उसी का उपयोग कर रही है। जनता तक अपनी बात पहुंचाना है। इसके लिए कांग्रेस सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म का सहारा ले रही है।
पिछले कुछ महीनों में बलिया कांग्रेस के काम:
1. कोरोना के शुरू होते ही बलिया के हर ब्लॉक में अजय लल्लू महारसोई अभियान चलाया गया जिसमें प्रतिदिन हजारों लोगों को निःशुल्क खाना खिलाया गया।
2. भारत चीन विवाद पर भी अपनी आवाज़ को मुखर करते हुए पुरे जनपद में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गयी और सरकार से कड़े सवाल किये गए तथा जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपा गया।
3. पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ कई दिनों तक जोरदार प्रदर्शन किया गया।
4. PCS अधिकारी मणि मंजरी राय की आत्महत्या को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किये गए।
5. जिला कांग्रेस कमिटी का पुनर्गठन किया गया जिसमें हर ब्लॉक और तहसील में पदाधिकारियों की नियुक्ति की गयी तथा एक सुनियोजित ढंग से हर ब्लॉक में संगठन सृजन अभियान चलाया गया जिसमें अनेकों लोग कांग्रेस पार्टी से जुड़े।
6. यूरिया किल्लत को लेकर धरना दिया गया।
7. किसान बिल के विरोध में काफी बड़े पैमाने पर जनपद में जुलुस एवं प्रदर्शन किये गए। महामहिम राज्यपाल जी को ज्ञापन भी सौंपा गया।
8. हाथरस, बलरामपुर, आजमगढ़, बागपत समेत पुरे प्रदेश में बेटियों के साथ हो रहे अन्याय को लेकर जनपद में कैंडल मार्च समेत जोरदार प्रदर्शन किये गए।
कांग्रेस का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए जनता के बीच माहौल बनाया जा सकता है और उसी क्रम में यह कोशिशें चल रही हैं। इसका कितना फायदा मिलेगा ये समय तय करेगा।
लेखक – खुर्शीद अहमद