जानिए, क्या है खास कांग्रेस के मेनिफेस्टो में?

,

   

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। इसमें गरीबों को न्यूनतम आय योजना (न्याय) के तहत सालाना 72 हजार रुपये देने सहित कई वादे किए गए हैं। कांग्रेस ने मोदी सरकार पर हर मोर्चे पर नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए लोकलुभावन वादे किए हैं।

अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, राहुल गांधी ने संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, घोषणापत्र समिति के प्रमुख पी चिदंबरम और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में घोषणा पत्र जारी किया।

इस दौरान कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस घोषणापत्र पैनल ने लोगों की आवाज को शब्दों में ढाला है। इस घोषणापत्र की 10 बड़ी बातें विस्तार से जानिए।

घोषणापत्र में ‘न्याय’ योजना का प्रमुखता से जिक्र है जिसके तहत गरीबों को 72,000 रुपये सालाना देने के वादा किया गया है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस घोषणापत्र में सबसे प्रमुख वादा है न्यूनतम आय योजना ‘न्याय’।

इसके तहत समाज के सबसे गरीब लोगों को 72,000 रुपए दिए जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कुछ दिनों पहले एलान किया था कि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो गरीबी हटाने के लिए न्यूनतम आय योजना शुरू की जाएगी।

इसके तहत देश के पांच करोड़ सबसे गरीब परिवारों को प्रति माह 6,000 रुपये दिए जाएंगे। न्याय को इस चुनाव में कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है।